धनबाद, झारखंड : महिलाओं के विरुद्ध हो रही जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को समुचित सहायता प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी पहल के तहत, आज विमेन गेनिंग ग्राउंड” कार्यक्रम के अंतर्गत क्रिया नई दिल्ली, इब्तिदा झारखंड, स्वाभिमान संस्था धनबाद एवं संस्था “युवा” पूर्वी सिंहभूम के साझेदारी से एक मीडिया ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर (OSCC) की कार्यप्रणाली और उसके महत्व पर केंद्रित था। झारखंड के कुल 10 जिलों में इस प्रकार के मीडिया ओरिएंटेशन कार्यक्रम जून 2025 के अंत तक आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में धनबाद जिले के प्रमुख मीडियाकर्मी, पत्रकार और पंचायत प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वन स्टॉप सेंटर (OSCC) की सेवाओं — जैसे चिकित्सा सहायता, पुलिस सहयोग, परामर्श, कानूनी सहायता और अस्थायी आश्रय – की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ मीडिया की भूमिका, खासकर ग्राम स्तर तक सूचना पहुंचाने में, पर विशेष चर्चा की गई।मुख्य उद्देश्य :
1 मीडिया और पंचायत प्रतिनिधियों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और सेवाओं से अवगत कराना।
2. मीडिया के माध्यम से OSCC की पहुंच और जागरूकता को जमीनी स्तर तक बढ़ाना।
3.महिलाओं और विशेष रूप से विकलांग महिलाओं के लिए OSCC सेवाओं को सुलभ बनाना।
4. OSCC के प्रति समाज में विश्वास और सहायक माहौल का निर्माण करना।कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि मीडिया समाज में जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम है और OSCC जैसी सरकारी पहल को प्रभावशाली तरीके से जनता तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में खुले संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारों और प्रतिनिधियों ने जमीनी चुनौतियों और संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। यह कार्यक्रम जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक सहयोग की दिशा में एक सार्थक कदम सिद्ध हुआ। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वाभिमान संस्था धनबाद और संस्था “युवा” पूर्वी सिहभूम ने सहयोग किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से से युवा संस्था जमशेदपुर से अंजना देवगन, पाथरगडिया पंचायत के वार्ड सदस्य गणेश महतो, गंगा देवी, स्वाभिमान संस्था के सचिव सुषमा देवी, भुनेश्वरी देवी, माला देवी, जुली देवी, बोबी देवी, बबीता महतो, रोमा, अंजली कुमारी, आशा कुमारी, सुमन कुमारी, प्रियंका कुमारी, महेश्वर महतो, धनंजय महतो, सुमित कुमार आदि शामिल हुए।